ग्वालियर में बड़ी वारदात नाकाम, कट्टा लेकर पहुंचे आरोपी को लोगों ने मौके पर ही दबोचा, फेल हुआ जानलेवा प्लान...
ग्वालियर के आंतरी थाना क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक घटना उस समय टल गई, जब पानी भर रहे एक युवक ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद पड़ोसी को मौके पर ही पकड़ लिया। इंद्रा कॉलोनी में रहने वाला आरोपी अवैध कट्टा लेकर युवक के पास पहुंचा और उस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन युवक ने समय रहते खतरे को भांप लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर आरोपी को दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के कब्जे से अवैध कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद और रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा हथियार के स्रोत की जांच की जा रही है।