आधार सेवाओं में अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
________________
बड़वाह और सनावद के आधार केंद्रों पर ई-गवर्नेंस टीम का औचक निरीक्षण
________________
आधार मशीन, लैपटॉप एवं 80 से अधिक आधार रसीदें जब्त, जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
________________
खरगोन 01 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के आदेशानुसार एवं अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर के निर्देशानुसार बड़वाह एवं सनावद क्षेत्र में आधार केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई आधार सेवाओं में ओवरचार्जिंग तथा अन्य जिलों की आधार मशीनों के अनधिकृत संचालन संबंधी प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई। निरीक्षण ई-गवर्नेंस टीम द्वारा किया गया, जिसमें सहायक ई-गवर्नेंस मैनेजर (खरगोन) तथा सहायक ई-गवर्नेंस मैनेजर (बड़वाह/सनावद) एवं ट्रेनर (खरगोन), शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान लोक सेवा केंद्र बड़वाह में अधिकृत ऑपरेटर रोहित बडोले के स्थान पर संजीत कुमार नामक अनधिकृत व्यक्ति आधार कार्य करते हुए मिला। जांच के दौरान संजीत के बैग से एक अन्य आधार मशीन (एचपी लैपटॉप) तथा खंडवा एवं खरगोन जिले के निवासियों की 80 से अधिक आधार रसीदें बरामद हुईं। बड़वाह नायब तहसीलदार एवं पटवारी की उपस्थिति में मौका पंचनामा तैयार कर एचपी लैपटॉप एवं सभी रसीदों को जब्त कर लिया गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान बीआरसी ऑफिस बड़वाह स्थित आधार केंद्र पर ऑपरेटर प्रवीण शाह के केंद्र में ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाई गई। साथ ही हरिओम मंडलोई नामक व्यक्ति बिना अनुमति आधार सेवाओं का संचालन करता मिला।
इसी प्रकार नगरपालिका सनावद स्थित आधार केंद्र पर ऑपरेटर मुकेश भास्कले के केंद्र में भी निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने की शिकायत सही पाई गई। इसके अलावा तहसील बेड़िया के ऑपरेटर महेश चौधरी अपनी आधार मशीन का अन्य कार्यों के लिए उपयोग करते पाए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जब्त सामग्री एवं दस्तावेजों के आधार पर तीनों मामलों की विस्तृत जांच जारी है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत संबंधित व्यक्तियों एवं केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#JansamparkMP #khargone