जालौन: झांसी-कानपुर हाईवे पर यात्री बस पलटी, ब्रेक जाम होने से हुआ हादसा, बड़ा हादसा टला
उरई (जालौन)। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे विजय विक्रम होटल के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान बस में करीब 30 यात्री सवार थे और बस गोरखपुर से ग्वालियर जा रही थी। हादसे में दो यात्री घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीके ट्रेवल्स की बस (नंबर MP 44 ZE 4999) को चालक योगेश चला रहे थे। बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक लगाने के दौरान ब्रेक जाम हो गए, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की वजह बस के ब्रेक जाम होना बताई जा रही है। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
Jalaun, Jalaun | Jul 21, 2026