08.07.2026
सरकारी वाहन से गुजर रहे डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने पकड़ा ओवरलोड टिप्पर, मौके पर कार्रवाई के बाद पुलिस व आरटीओ ने मिलकर काटा 1.24 लाख का चालान, टिप्पर इंपाउंड
पंचकूला/ 07 जुलाई:- पंचकूला पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह की सतर्कता के चलते एक ओवरलोड टिप्पर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 24 हजार रुपये का चालान किया गया तथा वाहन को इंपाउंड कर दिया गया।
07 जुलाई को डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह मनसा देवी कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से सरकारी वाहन में गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ओवरलोड टिप्पर पर पड़ी। वाहन की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत मौके पर यातायात पुलिस की टीम को बुलाकर टिप्पर को रुकवाया और उसके दस्तावेजों की जांच करवाई। जांच के दौरान वाहन चालक आवश्यक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा वाहन में यातायात नियमों के कई उल्लंघन पाए गए। इस पर मौके पर ही वाहन का 32 हजार रुपये का चालान किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की सूचना आरटीओ विभाग को भी दी गई। सूचना मिलने पर आरटीओ विभाग ने भी वाहन की जांच करते हुए विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 92 हजार रुपये का अतिरिक्त चालान किया।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार उक्त ओवरलोड टिप्पर पर कुल 1 लाख 24 हजार रुपये का चालान किया गया है तथा वाहन को इंपाउंड कर दिया गया है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने कहा कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित क्षमता से अधिक भार न ढोएं तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।