सुढ़ी समाज को अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग तेज,
पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ व प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे पहुंचे शिवहर, बोले- समाज की एकजुटता के बिना अधिकार की लड़ाई संभव नहीं,
शिवहर। सुढ़ी समाज को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से मजबूत करने तथा उसे अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग को लेकर समाज के नेताओं ने एकजुटता का आह्वान किया है। मंगलवार को सुढ़ी समाज के प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे एवं पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ शिवहर पहुंचे। इस दौरान सुढ़ी समाज के जिलाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद, जिला संयोजक सूरज साह, सचिव मनोज कुमार साह समेत अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी सुमन महासेठ ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने सुढ़ी समाज को अतिपिछड़ा वर्ग में शामिल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति को देखते हुए समाज को आरक्षण का समुचित लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने तथा उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सुमन महासेठ ने कहा कि राजनीतिक दलों से समाज की अपेक्षा है कि वे सुढ़ी समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व का अवसर दें। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल समाज के विकास और अधिकारों के मुद्दे को प्रमुखता देगा तथा समाज के लोगों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देगा, उसके साथ समाज अपने स्तर पर विचार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हितों की अनदेखी किए जाने से सामाजिक शक्ति कमजोर होती है।
उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को पटना के विद्यापति भवन में सुढ़ी समाज की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें समाज को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक संख्या में पटना पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए समाज को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर अपनी मांग रखनी होगी।
प्रदेश संयोजक प्रहलाद पूर्वे ने भी समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक शक्ति के बिना कोई भी मांग मजबूती से आगे नहीं बढ़ाई जा सकती। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और सामाजिक मुद्दों पर एक मंच पर आने की अपील की।
बैठक में सुढ़ी समाज के जिलाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद, जिला संयोजक सूरज साह, सचिव मनोज कुमार साह, समाजसेवी उमाशंकर प्रसाद, दिनेश आजाद, महासचिव पंकज कुमार, विजय कुमार शरण, मनोज कुमार छतौना, अभिनय दीपू, बिट्टू कुमार, मुकेश कुमार, मनोज कुमार मुखिया प्रतिनिधि, दिनेश कुमार विशंभरपुर, पिंटू कुमार, रमेश कुमार पैक्स अध्यक्ष, लालबाबू प्रसाद हिरौता, मुकेश कुमार बंकूल, पूर्व प्रमुख पंकज कुमार, लाल बाबू चौधरी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।