रायबरेली:आंधी-पानी से सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर; टला बड़ा हादसा, आधा दर्जन गांवों की बत्ती गुल।
__रायबरेली के महराजगंज तहसील क्षेत्र के महराजगंज पावर हाउस अंतर्गत हरदोई फीडर के ओई ग्राम पंचायत स्थित शिवाला गांव में तेज आंधी और बारिश के कारण एक पेड़ सीधे ट्रांसफार्मर पर जा गिर गया। पेड़ के जोरदार झटके से दो खंभों के पोल पर टिका ट्रांसफार्मर उखड़कर सीधे मुख्य मार्ग पर जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई आवाजाही नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस घटना के बाद से इलाके के लगभग आधा दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर पेड़ की समस्या को लेकर पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई है और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।