छतरपुर कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन: मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
जिला कांग्रेस कमेटी छतरपुर ने बुधवार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता, मतदाता सूची में बदलाव और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी लगातार आपत्तियां दर्ज कराती रही है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में अनधिकृत तरीके से मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंका है।
कांग्रेस ने मांग की है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा कराई जाए तथा चुनाव आयोग की आईटी प्रणाली से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच हो।
ज्ञापन में नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में आठ प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें मतदाता सूची की जांच, SIR प्रक्रिया की समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली की जांच, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है।
भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वर्तमान में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त तथा सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी चुनाव आयुक्त हैं। PRO Bhopal CM Madhya Pradesh कांग्रेस पार्टी बिजावर विधानसभा बिजावर विधानसभा कांग्रेस नगर कांग्रेस कमेटी नौगांव मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस युवा कांग्रेस छतरपुर