प्रेस नोट
दिनांक: 24 अगस्त 2026
विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के विवेकपूर्ण उपयोग, साइबर अपराध, यातायात नियमों एवं करियर के प्रति किया जागरूक
चम्बा: पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चम्बा में 24 अगस्त 2026 को विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, चम्बा श्री बलदेव दत्त ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
श्री बलदेव दत्त ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के उचित एवं सीमित उपयोग के बारे में जागरूक करते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का आवश्यकता के अनुसार और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने के लिए सचेत किया।
कार्यक्रम के दौरान कम उम्र में विवाह के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपने भविष्य और करियर के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को करियर परामर्श के माध्यम से अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुसार भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने तथा विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
श्री बलदेव दत्त ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, यातायात संकेतों का पालन और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सलाह दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रचना ठाकुर ने पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री बलदेव दत्त का विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Chamba, Chamba | Aug 24, 2026