अभियान बसेरा अंतर्गत भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता, अंचलाधिकारी शीघ्र करें करवाई- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अभियान बसेरा अंतर्गत भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता देने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों दिया गया। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है। अपर समाहर्ता के द्वारा बताया गया कि 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के दिन अभियान बसेरा अंतर्गत चिन्हित भूमिहीन को भूमि उपलब्ध कराना है। इस पर जिलाधिकारी के द्वारा सभी अनुमंडलों के भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देश दिया गया कि यह डीसीलार की भी जवाबदेही है। डीसीएलआर अंचल के कार्यों की नियमित समीक्षा करें और अंचलों का भ्रमण करें। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान बसेरा अंतर्गत आवंटित किए जाने वाले भूमि संबंधी अभिलेख एक सप्ताह के अंदर जिला राजस्व शाखा को उपलब्ध करा दिया जाए।
राजस्व महाभियान की समीक्षा में पाया गया कि प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के मामले में चिरैया, घोड़ासहन,मोतिहारी हरसिद्धि और ढाका की स्थिति अपेक्षाकृत अच्छी नहीं है। जिस पर यहां के अंचल अधिकारी को विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी आवेदन राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त हैं,इसका निष्पादन एक सप्ताह के अंदर में सभी अंचल अधिकारी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी के द्वारा म्यूटेशन के मामलों को अधिक लंबित रखने पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए कहा गया कि म्यूटेशन के जो मामले प्राप्त हैं उसमें रिजेक्शन का स्पष्ट कारण देना होगा। अगर जानबूझकर आवेदक को ह्रास करने के लिए रिवर्ट किया जाएगा तो उसका कागज निकलवाएंगे और गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई हेतु विभाग को लिखेंगे। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय में आने वाले सभी लोगों से अच्छा व्यवहार रखें। उनका आवेदन प्राप्त करें और उसकी गुणवत्ता पूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता को अंचल के कार्यों को नियमित रूप से देखने और उसकी समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल जमाबंदी में सुधार से संबंधित जो आवेदन प्राप्त है उसका भी शीघ्र निष्पादन किया जाए।
बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को कहा कि अपने अंचल अंतर्गत तटबंध का निरीक्षण नियमित रूप से करें। बाढ़ प्रमंडल के संबंधित अभियंताओं का मोबाइल नंबर रखें एवं कहीं कोई समस्या हो तो तुरंत अनुमंडल पदाधिकारी को सूचित करें। बाढ़ प्रभावित होने वाले अंचलों के अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जरूरी संख्या में लाइफ जैकेट जिला आपदा शाखा के गोदाम से प्राप्त कर ले। संचालित नाव में नाव की क्षमता से अधिक सवारी नहीं हो इसे सुनिश्चित कराएं। बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर चिन्हित किए गए शरण स्थल का भ्रमण कर देख लें कि वहां कोई अतिक्रमण तो नहीं है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संपर्क रखें, कटाव पर नजर रखें, इसमें किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रावणी मेला की तैयारी की अनुमंडल बार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी के द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारी को कांवर पथ को देख लेने और उसे ठीक करा देने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि डाक बम के पहचान के लिए अलग से व्यवस्था करें ताकि उनको कोई परेशानी नहीं हो।
नगर निकायों में विकासात्मक कार्यों के लिए जमीन की उपलब्धता को लेकर विमर्श किया गया और संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया कि इसमें कार्यपालक पदाधिकारी को सहयोग प्रदान करें।
जिला में चल रहा है भू अर्जन के बड़े प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। रक्सौल एयरपोर्ट से संबंधित रैयतों का भुगतान तेजी से करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिनका भुगतान नहीं हुआ है उनका एलपीसी और उनके जमीन से संबंधित रिकॉर्ड्स शीघ्र जिला भू अर्जन कार्यालय को भिजवाएं ताकि उनका भुगतान सुनिश्चित हो सके। 139 w अरेराज- केसरिया पथ से संबंधित रैयतों के भुगतान की समीक्षा की गई और अरेराज,पहाड़पुर, हरसिद्धि, संग्रामपुर और केसरिया के अंचल अधिकारियों को 15 दिन के अंदर रैयतों का भुगतान करने का निर्देश दिया गया।
आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्यान्न का समय से उठाव और समय से वितरण सुनिश्चित करें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि माह जुलाई के लिए 98% खाद्यान्न का उठाव कर लिया गया है जबकि इसमें 64% का वितरण भी कर दिया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला को कुल 11197 नए राशन कार्ड जारी करने का निर्देश मुख्यालय से प्राप्त है। जिलाधिकारी के द्वारा केवाईसी, आधार सिडिंग,परख ऐप के माध्यम से निरीक्षण का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा,सहायक समाहर्ता श्री राजकृष्ण झा,जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar