➡️ विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत देवरी परियोजना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना देवरी द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत परियोजना के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक एवं शिशु के समुचित पोषण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है।
कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवं विभागीय अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सेक्टर पर्यवेक्षकों द्वारा माताओं को जन्म के प्रथम घंटे में शिशु को स्तनपान प्रारंभ कराने, जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा छह माह की आयु पूर्ण होने के पश्चात पूरक आहार के साथ दो वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रमों में माताओं की जिज्ञासाओं एवं भ्रांतियों का समाधान करते हुए बताया गया कि माँ का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, संक्रमण एवं कुपोषण से बचाव करने तथा शिशु के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में शपथ ग्रहण, परामर्श सत्र, समूह चर्चा, गृह भ्रमण एवं विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों में गर्भवती एवं धात्री माताओं के साथ जनप्रतिनिधियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के अमले एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र डोभी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी कु. बगला नायक सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती रीना भदौरिया, श्रीमती ज्योति चौरसिया एवं श्रीमती सरस्वती कुर्मी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हितग्राही माताएं उपस्थित रहीं। उपस्थित माताओं को स्तनपान के महत्व एवं शिशु के बेहतर पोषण के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी परिवारों से अपील की है कि शिशु के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए स्तनपान को प्रोत्साहित करें तथा वैज्ञानिक तथ्यों को अपनाकर समाज में जागरूकता बढ़ाने में सहयोग प्रदान करें।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
2 views | Sagar, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026