झालरापाटन के पास सड़क हादसा, खाटू श्याम जी जा रहे मध्य प्रदेश के 18 श्रद्धालु घायल।
झालरापाटन में सुनेल तिराहा के सामने एक अनियंत्रित मैजिक ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार करीब डेढ़ दर्जन (18) लोग घायल हो गए।
सभी घायल मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के थाना बरेली क्षेत्र के अंतर्गत गुररिया गांव के निवासी हैं। ये सभी आपस में रिश्तेदार हैं, जो अपने गांव से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।