*बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर DM ने किया भोजन, बोलीं- नवोदय के बच्चे देश का भविष्य, सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं*
जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 24 अगस्त 2026
*जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना* ने सोमवार को *जवाहर नवोदय विद्यालय, रुधौली* का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने शैक्षणिक, आवासीय, भोजन और स्वच्छता व्यवस्था को बारीकी से परखा।
निरीक्षण की सबसे खास बात रही जब *जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना* ने खुद विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता को परखा। भोजन की गुणवत्ता ठीक पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन ही उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर कमी नहीं आनी चाहिए। इसके बाद डीएम ने रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन बनाने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था देखी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
छात्रावास का निरीक्षण करते हुए *जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना* ने बच्चों के रहने के कमरों, परिसर और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है। कक्षाओं में पहुंचने पर विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले। डीएम ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान दें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें।
डीएम ने कहा कि नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे प्रदेश और देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ परिसर और अच्छी आवासीय सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान *उप जिलाधिकारी रुधौली अहमद फरीद खान, प्रधानाचार्या अमिता सक्सेना* सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 24, 2026