औरंगाबाद में जनता भगवान भरोसे, शहर में चैन स्नेचिंग से दहशत, पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल।
औरंगाबाद शहर में इन दिनों अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। शहर में प्रतिदिन हो रही चैन स्नेचिंग और बाइक और गाड़ी चोरी की घटनाओं से आम लोग परेशान हैं, लेकिन पुलिस एक भी मामले का उद्भेदन नहीं कर पा रही है। जिसके बाद लोगों में आक्रोश है और लोग कह रहे हैं कि शहर की जनता भगवान भरोसे है।
ताजा मामला बुधवार शाम का है। शहर के नागा बीघा मुहल्ला में पटेल कॉलोनी निवासी सुधाकर कुमार, जो बैंक कर्मी हैं, के गले से दो बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चैन झपट ली और फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह बाइक सवार झपटमारों ने घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय निवासी जीतू यादव ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले लगभग एक महीने में सिर्फ नागा बीघा मुहल्ला और उसके आसपास के क्षेत्र में ही चार चैन स्नेचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों से भी गाड़ी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद भी पुलिस द्वारा किसी भी घटना का खुलासा नहीं होने से जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर पुलिस कहां है? शहर में गश्ती क्यों नहीं बढ़ाई जा रही?
पीड़ित बैंक कर्मी सुधाकर कुमार ने इस संबंध में नगर थाना में आवेदन दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।
वहीं स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जाए, रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और सीसीटीवी के आधार पर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भाव बना रहे।
Rafiganj, Aurangabad | Aug 27, 2026