आमजन तक पुलिस की सीधी पहुंच और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई—बालोतरा में DGP राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने तय राजस्थान पुलिस की प्राथमिकताएं।
आज महानिदेशक पुलिस, राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने बालोतरा जिले का दौरा कर पुलिस थाना सिणधरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद किया तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी श्री शर्मा ने आमजन के साथ नियमित संवाद बनाए रखने, प्राप्त परिवेदनाओं का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण तथा जनविश्वास को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने “बीट व्यवस्था” को सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश देते हुए प्रत्येक बीट अधिकारी के पास अपने क्षेत्र के नागरिकों के संपर्क नंबर तथा आमजन के पास संबंधित बीट अधिकारी का संपर्क नंबर उपलब्ध होने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता तत्काल उपलब्ध हो सके।
साथ ही मादक पदार्थों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई तथा ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति अधिकाधिक जागरूक करने, राजस्थान पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव एवं अन्य जनहितकारी विषयों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान महानिरीक्षक पुलिस रेंज जोधपुर श्री सत्येन्द्र सिंह, उप महानिरीक्षक श्री कुंवर राष्ट्रदीप, जिला कलेक्टर बालोतरा श्री सुशील कुमार, पुलिस अधीक्षक बाड़मेर श्री चूनाराम जाट एवं पुलिस अधीक्षक बालोतरा श्री राजेश कुमार कांवट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
#RajasthanPolice #BalotraPolice #BeatSystem #CyberSafety #DrugFreeRajasthan