हिमाचल प्रदेश में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए एसीपीएस (ACPS) योजना एवं NPA बंद करने के निर्णय की पुनर्समीक्षा करे सरकार
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश वेटरिनरी ऑफिसर्स एसोसिएशन राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2022 में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए Assured Career Progression Scheme (ACPS) एवं NPA को बंद करने के निर्णय पर गहरी चिंता व्यक्त करता है। इस विषय पर आज डॉ अनिल शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी दत्तनगर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल विधायक नंदलाल लाल से मिला, जिसमें डॉ छवि डॉ अरविंद तथा डॉ हरीश एवं अन्य चिकित्सक शामिल थे। डॉ अनिल ने उनको विस्तृत तरीके से इसके बार में बताया। विधायक ने मामले को सरकार के समक्ष रखने का भरोसा दिया।
इस निर्णय के कारण राज्य भर में कठिन परिस्थितियों में कार्यरत पशु चिकित्सा अधिकारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है तथा उनके करियर में ठहराव उत्पन्न हुआ है। पशु चिकित्सा अधिकारी पशुधन स्वास्थ्य, रोग नियंत्रण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, किंतु एसीपीएस बंद होने से उनके मनोबल, प्रेरणा एवं आर्थिक स्थिरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रजनीश, उपाध्यक्ष डॉ हितेश जसवाल एवं महासचिव डॉ. तरुण ठाकुर के माध्यम से राज्य सरकार से विनम्र निवेदन किया कि इस निर्णय की पुनः समीक्षा कर पशु चिकित्सा समुदाय के व्यापक हित में इसे पुनर्विचार किया जाए।
एसीपीएस योजना की पुनर्बहाली न केवल वर्तमान आर्थिक असमानताओं को दूर करेगी, बल्कि पशु चिकित्सा अधिकारियों के मनोबल को भी बढ़ाएगी, जिससे वे और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।
एसोसिएशन को आशा है कि सरकार इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर शीघ्र एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।