*डीएम की अध्यक्षता में जनगणना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण को लेकर बैठक सम्पन्न*
*रायबरेली-21 अक्टूबर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में जनगणना के द्वितीय चरण के पूर्व आयोजित होने वाले प्रशिक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी जनगणना कार्य को पूरी शुचिता, समयबद्धता और कुशलता के साथ संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना के द्वितीय चरण के लिए दिए जाने वाले प्रशिक्षण से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षण स्थलों का चयन, वहां बैठने की व्यवस्था, खान-पान (पेयजल व भोजन) तथा बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी कार्मिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी कर्मी महत्वपूर्ण जानकारियों से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए प्रशिक्षण को बेहद कुशल और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) / जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।