जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम घोषित
जिला संवाददाता विनय यादव
जमुई। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के तहत फुटबॉल, कराटे, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे दिन वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के कई मुकाबलों के परिणाम घोषित किए गए।
वॉलीबॉल में डीएवी जमुई का दबदबा
वॉलीबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी जमुई की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में +2 उच्च विद्यालय जमुई की टीम ने खिताबी जीत दर्ज की। प्रतियोगिता की अन्य श्रेणियों में एचएसआर एवं डीएवी जमुई की टीमों ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
बैडमिंटन में खिलाड़ियों ने दिखाया तकनीकी कौशल
बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में ओपीएस जमुई के रोहित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में सिमुलतला आवासीय विद्यालय जमुई के हिमांशु कुमार विजेता बने। वहीं अंडर-19 वर्ग में ओपीएस जमुई के निशांत कुमार ने खिताब अपने नाम किया।
कबड्डी में भी रोमांचक मुकाबले
कबड्डी के अंडर-14 वर्ग के फाइनल में मणिद्वीप अकादमी की टीम ने जीत दर्ज की। जबकि अंडर-19 वर्ग में +2 यूएमएस दहुआ की टीम ने शानदार टीम समन्वय और रणनीति के दम पर खिताबी जीत हासिल की।
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग की ओर से विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को बधाई दी गई। आयोजन समिति के अनुसार क्रिकेट, फुटबॉल, कुश्ती और कराटे की शेष स्पर्धाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
Sono, Jamui | Sep 29, 2026