रमना मैदान में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया स्थल निरीक्षण, संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निदेश
आज जिलाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित द्वारा आरा स्थित रमना मैदान में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन हेतु विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य सभी आवश्यक तैयारियाँ ससमय पूर्ण कर ली जाएँ। कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा यातायात के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा आमजनों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
Arrah, Bhojpur | Oct 19, 2026