प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना से किसानों को मिलेगी दिन में सिंचाई के लिए बिजली
________________
सोलर पंप स्थापना पर केंद्र और राज्य सरकार दे रही 90 प्रतिशत तक अनुदान
________________
किसानों को कुल लागत का केवल 10 प्रतिशत करना होगा अंशदान, 5 वर्ष तक मिलेगा निःशुल्क रखरखाव
________________
किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगी सौर ऊर्जा की सुविधा, बिजली पर निर्भरता होगी कम
________________
खरगोन 11 नवंबर 2026। शासन द्वारा किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना संचालित की जा रही है। यह योजना प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) के घटक-बी के अंतर्गत संचालित है। योजना के माध्यम से किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसान दिन के समय निर्बाध रूप से सिंचाई कर सकेंगे।
90 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सोलर पंप की स्थापना पर कुल लागत का 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। शेष 10 प्रतिशत राशि का अंशदान किसान को करना होगा। योजना में 1, 2, 3, 5 एवं 7.5 हॉर्स पावर क्षमता के सतही एवं सबमर्सिबल सोलर पंप का विकल्प उपलब्ध है। जिन किसानों के पास पहले से 3 हॉर्स पावर का अस्थायी विद्युत कनेक्शन है, वे 5 हॉर्स पावर तक तथा 5 हॉर्स पावर का कनेक्शन रखने वाले किसान 7.5 हॉर्स पावर तक का सोलर पंप चुन सकते हैं।
5 वर्ष तक मिलेगा निःशुल्क रखरखाव
सोलर पंप की स्थापना करने वाली संबंधित कंपनी द्वारा 5 वर्षों तक पंप की वारंटी एवं निःशुल्क रखरखाव की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को पंप के रखरखाव संबंधी परेशानी से राहत मिलेगी और सिंचाई के लिए बिजली पर निर्भरता कम होगी।
जिले में 228 सोलर पंप स्थापना के कार्यादेश जारी, अब तक 112 पंप स्थापित
प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के अंतर्गत जिले में किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। योजना के तहत जिले में कुल 228 सोलर पंप स्थापना के कार्यादेश जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 112 सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं। शेष पंपों की स्थापना का कार्य भी जारी है।
योजना के लिए पात्रता
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक किसान मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए तथा उसके स्वयं के नाम पर कृषि भूमि होना आवश्यक है। इसके लिए खसरा एवं बी-1 की नकल प्रस्तुत करनी होगी। किसान का खेत गैर-विद्युतीकृत होना चाहिए अथवा निकटतम बिजली ग्रिड से कम से कम 300 मीटर की दूरी पर होना चाहिए। खेत पर बोरवेल, कुआं, तालाब या नदी के रूप में स्थायी जल स्रोत उपलब्ध होना भी जरूरी है। यदि संबंधित भूमि पर पहले से स्थायी विद्युत कनेक्शन है, तो उसे समर्पित करना होगा।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए किसान को आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा एवं बी-1 की नकल), बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो तथा चालू मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।
योजना का उद्देश्य किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराकर कृषि लागत कम करना, दिन के समय सिंचाई को प्रोत्साहित करना तथा ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देना है।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 11, 2026