बड़ौत रेलवे ओवरब्रिज का शुभारंभ, वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी राहत
बड़ौत। बड़ौत की बिजरौल रोड पर रेलवे फाटक के ऊपर बने बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का शनिवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान तथा बड़ौत नगर पालिका चेयरमैन पति अश्वनी तोमर ने फीता काटकर पुल का उद्घाटन किया।
ओवरब्रिज के शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब वाहन चालकों को ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय की बचत होगी और यातायात भी सुचारु रहेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह ओवरब्रिज बड़ौत शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय व्यापार, आवागमन और आसपास के गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
Baraut, Bagpat | Jul 18, 2026