आईजी ने थानाध्यक्षों को दिए सख्त निर्देश कहा अपराधियों पर कसें शिकंजा
अपराध पर नकेल कसने को लेकर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने जिले के थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त निर्देश दिए। एसपी डॉ. नवजीत सिम्मी की मौजूदगी में हुई बैठक में लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की समीक्षा की गई। आईजी ने शराब, जुआ-सट्टा और सूखा नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा वारंट, इश्तेहार व कुर्की के मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ रात में गश्ती तेज करने और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि कानून-व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करते हुए पुलिस-पब्लिक के बीच भरोसा मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
Arwal, Arwal | Sep 28, 2026