रोडवेज डिपो में तैनात वरिष्ठ लिपिक चार हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
शाहजहांपुर। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बुधवार को शाहजहांपुर रोडवेज डिपो में तैनात वरिष्ठ लिपिक को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नूपुर कुमार के रूप में हुई है, जो वरिष्ठ लिपिक/टाइम कीपर के पद पर तैनात बताया गया है।
प्रेस नोट के अनुसार, थाना सिंधौली क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा ने ड्यूटी लगाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जाल बिछाया। जिसके बाद रोडवेज बस स्टैंड स्थित एआरएम कार्यालय के बाहर आरोपी को चार हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।
टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
#रिश्वत #FIR #दर्ज #लिपिक #आपकाअपनाशहर