समाहरणालय, नवादा
(जन-सम्पर्क शाखा)
*प्रेस विज्ञप्ति*
संख्या :- 554
दिनांक :- 11.07.2026
*विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता रैली, परिवार नियोजन मेला एवं प्रेस वार्ता का आयोजन*
*11 से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा, सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध*
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, नवादा द्वारा परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में जागरूकता रैली, परिवार नियोजन मेला एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार अभिभावकत्व के प्रति जागरूक किया गया।
विश्व जनसंख्या दिवस की पूर्व संध्या पर जिला स्वास्थ्य समिति एवं प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी सदर, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, बीसीएम सदर एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PFI) के जिला प्रतिनिधि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय परिसर पहुंची तथा पुनः विद्यालय वापस लौटी। इस दौरान छात्राओं ने परिवार नियोजन, छोटे परिवार एवं जिम्मेदार अभिभावकत्व से संबंधित नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल, नवादा में आयोजित परिवार नियोजन मेले का उद्घाटन सिविल सर्जन, नवादा डॉ. विनोद चौधरी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता आजाद ने संयुक्त रूप से किया। मेले में उपस्थित दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसके उपरांत सिविल सर्जन ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि जिले में दिनांक 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विशेष परिवार नियोजन पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है। इस अवधि में जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी सहित परिवार नियोजन से संबंधित विभिन्न सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक समृद्धि सुनिश्चित करने का प्रभावी उपाय है। उन्होंने आमजन से अपील की कि उपलब्ध परिवार नियोजन सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सिविल सर्जन ने बताया कि विश्व जनसंख्या पखवाड़ा के अंतर्गत नवादा जिले को 1,250 महिला बंध्याकरण तथा 90 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल, नवादा में 16 महिला बंध्याकरण ऑपरेशन के साथ की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department Bihar Health Department
26 views | Nawada, Bihar | Jul 11, 2026