एसडीएम सिवनी मालवा ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक
लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा श्री विजय राय की अध्यक्षता में जनपद पंचायत सभागार, सिवनी मालवा में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील अंतर्गत कार्यरत समस्त राजस्व निरीक्षक, पटवारी, प्रवाचक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे। बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, साइबर तहसील अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों के निराकरण, अभिलेख दुरुस्ती, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही, स्वामित्व योजना, फार्मर आईडी, जनसुनवाई प्रकरण, फसल गिरदावरी, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनगणना, नगरीय क्षेत्र सर्वे, वन ग्रामों के राजस्व ग्राम में समपरिवर्तन, धारणाधिकार एवं लघु सिंचाई संगणना जैसे विषयों पर विभागीय प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी श्री विजय राय ने निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्यवाही करने तथा आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने, राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने एवं अभिलेखों में त्रुटियों के शीघ्र सुधार हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया। साथ ही स्वामित्व योजना एवं फार्मर आईडी से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने, क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने तथा जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अनुविभागीय अधिकारी श्री विजय राय ने कहा कि राजस्व प्रशासन की कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता ही आमजन के विश्वास का आधार है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Hoshangabad, Madhya Pradesh | Jun 3, 2026