*शिवपुरी: सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक पर निजी कोचिंग चलाने का आरोप, BEO बोले- जांच कमेटी करेगी फैसला*
शिवपुरी जिले के खनियांधाना नगर स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक हरिराम रजक पर घर से प्राइवेट कोचिंग चलाने का आरोप लगा है।
आज मंगलवार दोपहर 2:00 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। दावा है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति शिक्षक हरिराम रजक हैं, जो अपने निवास पर छात्रों को कोचिंग पढ़ा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है।
कुछ छात्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विद्यालय में प्रवेश के समय उन्हें शिक्षक की निजी कोचिंग ज्वाइन करने के लिए प्रेरित किया जाता है। छात्रों का कहना है कि इससे उन पर कोचिंग लेने का मानसिक दबाव बनता है।
शासकीय सेवा नियमों के अनुसार कोई भी सरकारी शिक्षक निजी कोचिंग या ट्यूशन नहीं चला सकता। ऐसा करना सेवा शर्तों का सीधा उल्लंघन माना जाता है।
वायरल वीडियो और छात्रों के आरोपों के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए कमेटी बनाई जाएगी। जांच कमेटी ही तय करेगी कि आरोप सही हैं या नहीं। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है।
Pichhore, Shivpuri | Jun 24, 2026