चित्रकूट: महिला हिंसा के खिलाफ सड़कों पर उतरीं 450 किशोरियां, जागरूकता रैली निकाल बुलंद की आवाज
पहाड़ी ब्लॉक की 80 ग्राम पंचायतों की किशोरियों ने लिया हिंसा और भेदभाव के खिलाफ लड़ने का संकल्प
पहाड़ी, चित्रकूट। महिला विरोधी हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को पानी संस्थान के किशोरी सशक्तीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत पहाड़ी ब्लॉक में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समन्वयक रोहित राज के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में पहाड़ी ब्लॉक की 80 ग्राम पंचायतों से 450 किशोरियों और संस्थान के स्टाफ ने प्रतिभाग किया।
रैली के दौरान किशोरियों ने “चुप्पी तोड़ो, हिंसा रोको”, “हिंसा नहीं, सम्मान चाहिए” और “आवाज उठाओ, हिंसा भगाओ” जैसे नारों के माध्यम से महिला हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद की और समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
रैली पानी संस्थान के पहाड़ी कार्यालय से शुरू होकर नदी रोड, पहाड़ी गांव और मेला मैदान होते हुए पहाड़ी थाने पहुंची। यहां थाना अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान साइबर क्राइम टीम और मिशन शक्ति टीम ने किशोरियों को आत्म-सुरक्षा, जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों की जानकारी दी। पुलिस ने किशोरियों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए निडर होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद रैली ब्लॉक कार्यालय होते हुए पुनः पानी संस्थान के कार्यालय पहुंची। यहां कार्यक्रम समन्वयक रोहित राज ने किशोरियों के साथ महिला विरोधी हिंसा के कारणों और उसके दुष्प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिंसा और भेदभाव को अपनी प्रगति में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर शिक्षा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरियों ने अपने सपनों को साकार करने, जीवन में आगे बढ़ने तथा परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। जागरूकता रैली के माध्यम से महिला हिंसा के खिलाफ एकजुटता, सम्मान और समानता का संदेश दिया गया।