ड्रोन से फसल सुरक्षा की नई उड़ान, किसानों को मिलेगी छिड़काव की सुविधा
लखीसराय। खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग के पौधा संरक्षण संभाग की ओर से जिले में ड्रोन से फसल छिड़काव को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में 3675 एकड़ क्षेत्र में ड्रोन से छिड़काव का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक किसानों ने 1500 एकड़ के लिए आवेदन किया है।
वर्तमान खरीफ मौसम में हलसी, रामगढ़ चौक और लखीसराय प्रखंड के धान उत्पादक क्षेत्रों में कीट, रोग और खरपतवार प्रबंधन के साथ जरूरत के अनुसार तरल उर्वरकों का ड्रोन से छिड़काव कराया जा रहा है। इससे किसानों को कम समय और कम पानी में समान रूप से छिड़काव की सुविधा मिल रही है।
सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण अंकित आनंद ने बताया कि पारंपरिक तरीके से छिड़काव में अधिक समय और श्रम लगता है। ड्रोन से एक एकड़ में मात्र 5 से 6 मिनट में करीब 10 लीटर पानी के माध्यम से समान छिड़काव किया जा सकता है। इससे समय, श्रम, पानी और कीटनाशी की बचत होती है। साथ ही किसान को खेत में प्रवेश किए बिना फसल पर पौधा संरक्षण सामग्री का छिड़काव करने की सुविधा मिलती है।
विभाग के अनुसार ड्रोन से छिड़काव की लागत 419 रुपये प्रति एकड़ है, जबकि किसानों को 50 प्रतिशत अनुदानित दर पर 410 रुपये प्रति एकड़ का भुगतान करना होगा। शेष राशि सरकार की ओर से अनुदान के रूप में दी जाएगी। किसान मनीष कुमार, प्रदीप कुमार, राजादेव कुमार, सावित्री देवी, अशोक कुमार और शिववालक पासवान ने आधुनिक तकनीक के प्रति उत्साह जताया।
रैयत एवं गैर-रैयत किसान कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर स्वघोषणा पत्र के साथ आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं। विभाग ने किसानों से समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम), संतुलित उर्वरक उपयोग और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन अपनाने की अपील की है।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 16, 2026