➡️ प्राकृतिक खेती करने तैयार हो रहे किसान
विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतराष्ट्रीय योग दिवस के मध्य कृषि आधारित जिला स्तरीय प्राकृतिक कृषि कार्यशाला पर विकासखंड स्तरीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतराष्ट्रीय योग दिवस के मध्य कृषि आधारित जिला स्तरीय प्राकृतिक कृषि कार्यशाला पर विकासखंड स्तरीय कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड शाहगढ़ के वृंदावन ग्राम बरायठा में किया गया।
उक्त कार्यक्रम में बंडा विधानसभा के विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, श्री शैलेंद्र सिंह ठाकुर, संयुक्त संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र देवरी डॉ. आशीष त्रिपाठी, वैज्ञानिक डॉ. ममता सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र सागर, परियोजना संचालक "आत्मा" श्री एम के प्रजापति, उपसंचालक पशुपालन विभाग श्री डी डी चढ़ार, सहायक कृषि अभियांत्रिकी श्री अलवर्ट कुजूर, सहायक संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह राजपूत, अनुविभागीय अधिकारी कृषि सागर श्री अनिल राय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी क्रमशः बंडा व शाहगढ़ श्री यू एस अहिरवार व श्री गजेंद्र अछाले,
विकासखंड तकनीकी प्रबंधक "आत्मा" श्री शैलेष पाण्डेय, विकासखंड तकनीकी प्रबंधक शाहगढ़ श्री विपिन जैन, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री हर्षदीप यादव सहित विभागीय कर्मचारी सहित 340 से अधिक कृषकों की उपस्थिति मे सपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों का स्वागत उपरांत श्री शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने शासन और सरकार को प्राकृतिक खेती के लिए बढ़ावा देने के उद्देश्यों की तारीफ करते हुए किसानों से आग्रह किया की कम से कम अपने लिए किसान भाई प्राकृतिक खेती की शुरुआत करें। उपसंचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी ने विश्व पर्यावरण एवं योग दिवस पर शासन की नीति को किसानों से साझा किया तथा प्रदेश एवं केंद्र के द्वारा चलाई जा रही विभागीय योजनाओं को बताया। शाहगढ़ विकासखंड के दो प्रगतिशील किसान श्री करण सिंह यादव एवं श्री पुरुषोत्तम सिंह के द्वारा खुद प्राकृतिक खेती करके लाभ के बारे में बताया, जिससे प्रभावित होकर विधायक श्री लोधी ने उनका मंच से सम्मान किया। पशुपालन विभाग के द्वारा नई योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया कि 25 गोवंश के लिए सरकार योजना ला रही है जिसमें 10 लाख रुपए तक की छूट के प्रावधान की जानकारी दी। डॉ. ममता सिंह ने प्राकृतिक और जैविक खेती को विस्तार से समझाया और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और शासन के द्वारा चलाए जा रहे हैं अभियानों के बारे में विस्तार से किसानों से चर्चा की। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ त्रिपाठी ने प्राकृतिक खेती को विस्तार से किसानों के बीच में रखकर उदाहरण सहित जीवामृत, बीजामृत आदि के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। श्री राजपूत जी के द्वारा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को मिट्टी नमूना लेने के तरीकों को विस्तार से बताया। श्री प्रजापति नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग अंतर्गत किसानों की सक्रिय भागीदारी के लिए अनुरोध कर रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान की जानकारी विस्तार से दी।
विधायक श्री वीरेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सरकार के द्वारा चलाए जा रहे कृषक कल्याण वर्ष 2026 लगातार सफलता की ओर बढ़ रहा है जिसमें कृषि के साथ अन्य एलाइड विभाग मिलकर जगह-जगह किसानों के बीच में जाकर ऐसी कार्यशालाएं करके उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं तथा कृषि नवाचार की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने ने बताया कि इसी कड़ी में कल किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में उनके खाते में दो-दो हजार भी डाले जाएंगे। हमारी सरकार लगातार किसान हितैषी कार्य करती रहेगी उनके द्वारा कहा गया कि विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती नवाचार आज देश की सबसे बड़ी जरूरत है जिसे सभी किसानों को कम से कम एक एकड़ में रसायन मुक्त खेती की ओर अपने आपको लेकर जाना चाहिए। आज के सफल कार्यक्रम के लिए उन्होंने श्री राजेश त्रिपाठी उप संचालक कृषि सागर को बधाई दी।
श्री अनिल राय ने किसानों को विभागीय जानकारी से अवगत कराया तथा वर्तमान में खरीफ फसलों के बीज की उपलब्धता की जानकारी किसानों के साथ साझा की। बीटीएम शैलेष पाण्डेय के द्वारा सभी अतिथियों तथा कृषकों का कार्यक्रम में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Jun 19, 2026