देवरिया के जवान का शव लेकर आ रही एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार, बेटे-भाई समेत 4 की दर्दनाक मौत
देवरिया निवासी देश की सेवा करते हुए जान गंवाने वाले एक जवान के अंतिम संस्कार से पहले ही उसके परिवार पर दूसरा पहाड़ टूट पड़ा। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला गांव निवासी जवान का शव लेकर देवरिया आ रही एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला गांव निवासी सत्यवान सिंह पुत्र स्व. नरसिंह सिंह भारतीय सेना में सुबेदार मेजर के पद पर पंचकूला में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनके निधन की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था। उनका शव लेने के लिए उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और बेटे गौरव सिंह शनिवार रात पंचकूला के लिए रवाना हुए थे।परिजन शनिवार रात ही जवान के पार्थिव शरीर को एंबुलेंस में लेकर पैतृक गांव गहिला के लिए निकले थे। रविवार सुबह करीब 8:15 बजे जब एंबुलेंस अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के पास पहुंची, तो तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया।
हादसे में आगे बैठे लोगों और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में जवान के भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ, बेटे गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल शामिल हैं।हादसे की सूचना पर हलियापुर पुलिस और यूपीनेडा की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर से गाड़ी को काटना पड़ा। चालक का शव स्टेयरिंग में बुरी तरह फंसा हुआ था।
पुलिस ने शहीद जवान सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया है, जबकि चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।इस दोहरे हादसे की खबर जैसे ही गहिला गांव पहुंची, पूरे रुद्रपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जो परिवार अपने लाल के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहा था, अब एक साथ चार और अर्थियों के आने का इंतजार कर रहा है।
Deoria, Deoria | Oct 4, 2026