Bihar news : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां VTR में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, जेसीबी में लगाई आग; कई घायल, भारी पुलिस बल तैनात। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी गांव के समीप धनहिया में वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान हिंसक झड़प हो गई। आक्रोशित लोगों ने कार्रवाई में लगी एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी। घटना में वन विभाग और स्थानीय लोगों सहित करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार वन विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए तथा वन विभाग की टीम का घेराव कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण तथा एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल और वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि पुलिस ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है तथा कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#Bagaha #WestChamparan #ValmikiTigerReserve #VTR #Valmikinagar #ForestDepartment #EncroachmentDrive #BiharNews #BreakingNews #Police #SSB #JCB #LawAndOrder #IndiaNews