209 किलो गांजा के साथ ट्रेलर पकड़ा, सक्ती पुलिस की कार्रवाई; 1.85 करोड़ की जब्ती
सक्ती। जिले की फगुरम चौकी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 209 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है। पुलिस ने राजस्थान निवासी एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में गांजा, ट्रेलर वाहन और अन्य सामान सहित लगभग 1.85 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 17 जून को फगुरम चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा लेकर एक ट्रेलर राजस्थान की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बोडासागर के पास खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रेलर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 40 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.45 करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि गांजा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इसके अलावा वाहन में भरा फ्लोर्सपार पाउडर तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले में राजस्थान के अजमेर जिले के जेवाजा थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय अर्पित सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर थाना डभरा में अपराध दर्ज कर BNS की धारा 20 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में फगुरम चौकी एवं साइबर सेल सक्ती की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।