नीतीश सेतु पर नामकरण विवाद, तेजस्वी का हमला*
प्रधानमंत्री मोदी के हाथों कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल, नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले पुल के निर्माण, श्रेय और अब नामकरण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नामकरण को ओछी राजनीति बताया है।
तेजस्वी यादव ने पुल के निर्माण पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पुल में केंद्र का एक पैसा नहीं लगा। बिहार सरकार ने अपने संसाधन और एशियन डेवलपमेंट बैंक से कर्ज लेकर इसे बनाया है। पीएम सिर्फ शिलापट्ट पर नाम के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 23 जून 2025 को नीतीश कुमार ही इसका उद्घाटन कर चुके हैं और 17 महीने से गाड़ियां चल रही हैं, तो दोबारा उद्घाटन क्यों। तेजस्वी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 31 जनवरी 2016 में हुई जब वे खुद उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री थे।
नामकरण विवाद पर तेजस्वी ने नया आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने गैर-सरकारी संकल्प लाकर छहवर राय जी के नाम पर पुल का नाम रखने की मांग की थी। सरकार के शुरुआती लिखित जवाब में कहा गया था कि दसवें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी, जिनका जन्मस्थान कच्ची दरगाह और पटना साहिब है, उनके नाम पर सेतु का नामकरण होगा।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जीवित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दीर्घायु की कामना करते हुए, अचानक जीवित अवस्था में ही उनके नाम पर पुल क्यों। नीतीश कुमार खुद गुरु गोविंद सिंह जी को मानते हैं, तो उनका नाम क्यों हटाया गया। पटना साहिब में दर्शन के लिए दूर-दूर से, पंजाब से सिख समुदाय आता है, वे सब यह देख रहे हैं। यह सरकार की ओछी राजनीति है।
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सच में सम्मान करना है तो पीएम ने जो डीएनए पर टिप्पणी की थी, उसके लिए माफी मांगें, नीतीश जी की मांग के अनुसार पटना यूनिवर्सिटी को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा दें, ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन या किसी केंद्रीय योजना का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखें। वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा है कि ADB फंडिंग केंद्र की मंजूरी से मिली है, आंशिक उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करने में फर्क है।