घुसीटोला में सड़क विवाद सुलझाने पहुंचे विधायक, राजस्व अमले ने किया सीमांकन
ग्रामीणों की परेशानी पर मौके पर पहुंचे परसवाड़ा विधायक मधु भगत, महाविद्यालय पहुंच मार्ग के डामरीकरण का भी दिया आश्वासन
बालाघाट के लामटा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भोंड़वा के घुसीटोला में सड़क को लेकर बनी समस्या के समाधान के लिए परसवाड़ा विधायक मधु भगत और लामता तहसीलदार मयंक मिश्रा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क बंद होने से आवागमन में हो रही परेशानी से उन्हें अवगत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार भूमिस्वामी किसान द्वारा मार्ग बंद किए जाने से घुसीटोला के रहवासियों के साथ महाविद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी हो रही थी। राजस्व अभिलेख के नक्शे में दर्ज सड़क को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
मामले को लेकर विधायक ने तहसीलदार को राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर सड़क का सीमांकन एवं चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व अमले द्वारा सड़क का चिन्हांकन किया गया। वहीं भोंड़वा की पूर्व सरपंच कल्पना पटेल द्वारा अपनी काबिज भूमि में से 15×100 फीट भूमि सड़क के लिए उपलब्ध कराने की बात सामने आई, जिससे मार्ग की समस्या के समाधान का रास्ता साफ होने की जानकारी दी गई।
इसके बाद विधायक और तहसीलदार ने महाविद्यालय पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अध्यापकों और विद्यार्थियों को मार्ग के जल्द डामरीकरण का आश्वासन दिया गया। बताया गया कि उक्त मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल किया गया है और आगामी समय में निर्माण कार्य कराया जाएगा।
विधायक मधु भगत और तहसीलदार मयंक मिश्रा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लामता पहुंचकर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। विद्यार्थियों से पढ़ाई और परीक्षा तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्हें मेहनत और लगन से पढ़ाई करने तथा अच्छे अंक हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। तहसीलदार ने विद्यार्थियों की रुचियों और हॉबी के बारे में भी जानकारी ली।
#BalaghatNews #Lamta #RoadProblem #MPNews #HALCHAL24NEWS Part 7