तानाशाही और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 10 अगस्त को देशभर में ‘जेल भरो आंदोलन’, पीलीबंगा में सीटू की कार्यशाला में हुंकार
L.b. Bhakhar #lalbahadurbhakharjournlist
पीलीबंगा हनुमानगढ़ #लालबहादुर_भाखर
केंद्र सरकार की कथित जन विरोधी, मजदूर विरोधी और तानाशाही नीतियों के खिलाफ आगामी 10 अगस्त 2026 को देशव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ का आगाज किया जाएगा। इसके तहत बड़े पैमाने पर पूरे देश में आंदोलन कर गिरफ्तारियां दी जाएंगी, जिसके लिए अभी से जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान शुरू कर दिया गया है।
यह ऐतिहासिक निर्णय रविवार को स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू - CITU) से संबंधित मजदूर यूनियनों की एक दिवसीय संयुक्त कार्यशाला व प्रशिक्षण शिविर में लिया गया। इस शिविर में क्षेत्र की विभिन्न यूनियनों के लगभग 200 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए सीटू नेता रामेश्वर वर्मा और जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के कारण आज देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उद्योग धंधे लगातार बंद हो रहे हैं और सार्वजनिक क्षेत्रों का निजीकरण कर चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
"एक तरफ जहां देश का किसान और मजदूर गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ सरकार ने कॉर्पोरेट घरानों के लाखों-करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर दिए हैं।"
*शेर सिंह शाक्य, जिला महासचिव, सीटू*
सीटू नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार 'वी बी राम जी योजना' लाकर मनरेगा जैसी कल्याणकारी योजना को खत्म करने पर तुली है, जिससे करोड़ों गरीब परिवारों का गुजारा चलता था। इसके अलावा, देश में संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र का हनन हो रहा है, तथा दलितों व महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। नेताओं ने कहा कि जब भी कोई अपने अधिकारों की मांग करता है, तो सरकार जेल भेजने जैसी दमनकारी कार्रवाइयां कर रही है। इस सांप्रदायिक और तानाशाही सरकार को केवल मजबूत संगठन और एकजुट संघर्ष के बल पर ही रोका जा सकता है।
इस एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र की प्रमुख यूनियनों एफसीआई लेबर एंड पल्लेदार मजदूर यूनियन,अनाज मंडी मजदूर यूनियन,जनता ट्रैक्टर ट्राली ऑपरेटर यूनियन,जगदंबा एवं प्राइवेट गोदाम मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाई।
इस दौरान मजदूर हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए विनोद मांवर, बग्गा सिंह गिल, प्रमोद साहनी, जगजीत सिंह, संदीप सिंह, जगन सिंह, शकूर खान, वेद प्रकाश, गिरधारी लाल, प्रहलाद चंद, किशोर, और मोनू सिंह सहित कई प्रमुख प्रतिनिधि और पदाधिकारी मुस्तैद रहे। सभी ने 10 अगस्त के आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
लालबहादुर भाखर संवाददाता
9875131305
7014718676☎️☎️📞📞✅✅✍🏻✍🏻
Pilibanga, Hanumangarh | Jul 12, 2026