श्रावणी मेला में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पैदल कांवरिया पथ पर निकले डीएम, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
बांका। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने शनिवार को कांवरिया पथ का निरीक्षण कर श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने जिला नियंत्रण कक्ष से लेकर जमुआ मोड़, भैरोपुर टेंट सिटी, इनारावरण धर्मशाला, हरखार और गोरियारी-हरखार तक विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी कर्मियों की नियमित उपस्थिति दर्ज कराने और ड्यूटी पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नियंत्रण कक्ष में मौजूद काउंटिंग मशीन एवं सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
डीएम ने विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण कर मरीजों की संख्या, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उपलब्ध दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। स्वास्थ्य शिविरों के बैनर एवं सूचना पट्ट को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से जानकारी मिल सके।
कांवरिया पथ पर कुछ स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था कम मिलने पर डीएम ने संबंधित सेक्टर पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने तथा अगले आदेश तक वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया। वहीं, नगर पंचायत कटोरिया के कार्यपालक पदाधिकारी को प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान शौचालय के समीप पानी और कीचड़ की स्थिति मिलने पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर स्थल को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कई शौचालयों के दरवाजे खोलकर उनकी स्थिति और उपयोगिता की जांच की तथा बेसिन में पानी की उपलब्धता भी देखी।
कांवरिया पथ पर दुकानों के समीप डस्टबिन उपलब्ध होने के बावजूद कचरा फैला मिलने और पानी की अनावश्यक बर्बादी पर डीएम ने नाराजगी जताई। संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध जुर्माना लगाने तथा स्वच्छता एवं जल संरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद डीएम ने भैरोपुर टेंट सिटी का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत की और सुविधाओं का फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने कुछ स्थानों पर मच्छरों की समस्या बताई, जिस पर तत्काल फॉगिंग कराने का निर्देश दिया गया। बाथरूम तक आने-जाने का रास्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर सुगम आवागमन की व्यवस्था करने को कहा गया।
टेंट सिटी में निरीक्षण के दौरान मजिस्ट्रेट अनुपस्थित पाए गए। इस पर संबंधित सेक्टर पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने और अगले आदेश तक वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
इनारावरण धर्मशाला के समीप जीविका दीदी की रसोई का भी डीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य सामग्री, खरीद एवं आपूर्ति की जानकारी ली और भोजन कर रहे कांवरियों से भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित दर और सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने भोजन एवं व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। डीएम ने रसोई और धर्मशाला परिसर में पर्याप्त पेयजल एवं पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
धर्मशाला में साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। वहीं स्वास्थ्य शिविर में उपचार करा रहे मरीज से बातचीत कर उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली गई।
हरखार में डाक बम पास काउंटर का निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मार्ग में दुकानदारों द्वारा गंदगी फैलाए जाने पर नाराजगी जताते हुए ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर नियमानुसार जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद गोरियारी-हरखार स्थित टेंट सिटी का निरीक्षण किया गया। साथ ही अस्थायी थाना पहुंचकर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली गई।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरिया पथ और टेंट सिटी में श्रद्धालुओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी कमी का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। खबर लिखे जाने तक निरीक्षण जारी था।
Amarpur, Banka | Aug 22, 2026