चंद्रमंडी थाना प्रभारी के निलंबन की मांग को लेकर माले का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, लगाए कई गंभीर आरोप
चंद्रमंडी थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार के निलंबन की मांग को लेकर भाकपा माले और आदिवासी संघर्ष मोर्चा के द्वारा सोमवार की दोपहर 1:00 बजे से जिला मुख्यालय स्थित कचहरी चौक के अंबेडकर स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरना पर बैठे लोगों ने जिला प्रशासन से थाना प्रभारी को निलंबित करने और उनकी कार्यशैली की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा।
धरना में शामिल लोगों ने हाथों में विरोध की तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में लगातार चोरी, अपराध और अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। इसे लेकर जमुई एसपी को कई बार लिखित आवेदन दिए जाने की बात भी कही गई।
भाकपा माले नेता बाबू साहब सिंह ने कहा कि चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में लगातार चोरी, अपराध और दुष्कर्म के प्रयास जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने चैनल नैया के दरवाजे से जुड़ी घटना, प्रसादी नैया के शव को दफन किए जाने और बीते 2 सितंबर को करीब 600 फीट लंबी बाउंड्रीवाल को जेसीबी से गिराए जाने की घटना का हवाला दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2 सितंबर की घटना में 40 से 50 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई, जबकि थाना क्षेत्र के चौकीदार पर एक युवती से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप भी लगाया गया है। बाबू साहब सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रखंड प्रमुख की ओर से भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी और अपराध की घटनाओं को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। लोगों ने थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार के निलंबन, कार्यशैली की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। #jamui #male #jamuiPolice
Jamui, Jamui | Sep 14, 2026