अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर श्रीनगर में कांग्रेस ने जलाए दीये, न्याय की मांग
श्रीनगर। अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोला पार्क में दीये जलाकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अंकिता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया और मामले में न्याय की मांग दोहराई।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सुधांशु नोडियाल, निशांत प्रताप और जगदीश भट्ट, सूरज घिल्डियाल ने संबोधित करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन परिवार और प्रदेश की जनता के मन में अब भी कई सवाल हैं। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना केवल एक परिवार का सवाल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा विषय है।
कांग्रेस नेता सुधांशु नोडियाल ने कहा कि चार वर्ष बाद भी अंकिता के परिवार को न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को मामले से जुड़े सभी सवालों का स्पष्ट जवाब जनता के सामने रखना चाहिए और जांच को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाते हुए दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके न्याय की लड़ाई को किसी राजनीतिक विवाद तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता के परिवार के साथ खड़ी है और जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीये जलाकर अंकिता को श्रद्धांजलि दी और “अंकिता को न्याय दो” के नारे लगाए। प्रदेश में चौथी पुण्यतिथि पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और न्याय की मांग को लेकर आयोजन हुए।