एमएलसी शिक्षक निर्वाचन के मतदान केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
मऊ। विधान परिषद सदस्य खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 के मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान अधिकारियों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय, क्षेत्र पंचायत कार्यालय परदहा, रानीपुर, मोहम्मदाबाद गोहना, कोपागंज तथा घोसी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराई जाए। मतदान केंद्रों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और मतदाताओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के लगातार निरीक्षण से मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था सक्रिय नजर आई।
Muhammadabad Gohna, Mau | Oct 23, 2026