पुलिस प्रेस नोट
*फरीदाबाद पुलिस का बड़ा अभियान: एक दिन में 40 गिरफ्तार*
*1169 पव्वे अवैध शराब, 5 देसी कट्टा,1.230 किलोग्राम गांजा, 21 पेंटाजोसिन व 4 बुप्रेनॉर्फीन इंजेक्शन तथा जुआ के18,320 रुपये बरामद*
फरीदाबाद, 12 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने विशेष अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में 40 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के अंतर्गत की गई इस कार्रवाई के दौरान अपराध शाखा व थाना स्तर की टीमों ने भारी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार तथा जुआ-सट्टे से जुड़ी नकदी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार 11 जुलाई को फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा व थाना की टीमों ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 1169 पव्वे अंग्रेजी एवं देसी तथा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और सट्टा खाई करने के मामलों में 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18,320 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
इसी प्रकार अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध भी अपराध शाखाओं ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 देसी कट्टे बरामद किए गए। सभी अवैध हथियार जब्त कर आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज उनको जेल भेजा गया है।
वहीं नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध शाखाओं की टीमों ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.230 किलोग्राम गांजा, 21 पेंटाजोसिन इंजेक्शन तथा 4 बुप्रेनॉर्फीन इंजेक्शन बरामद किए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में अपराध, नशा तस्करी, अवैध शराब, अवैध हथियार तथा जुआ-सट्टा जैसी गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य किया जा रहा है। ऐसे तत्वों के खिलाफ नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर इसी प्रकार से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
फरीदाबाद पुलिस की नागरिकों से भी अपील है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब की बिक्री, नशा तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार या किसी अन्य प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो इस बारे फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 या फिर नजदीकी पुलिस थाना को तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना के आधार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस