#नालंदा - साइबर अपराध के खिलाफ नालंदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 साइबर ठग गिरफ्तार
19 मोबाइल, 13 एटीएम कार्ड, पासबुक-चेकबुक समेत 2.28 लाख रुपये नकद बरामद
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
कतरीसराय - नालंदा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 19 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, एक टैब, एक सिम कार्ड, पांच पासबुक, दो चेकबुक और 2 लाख 28 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब चार बजे कतरीसराय थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ताराबिगहा गांव में कुछ लोगों द्वारा साइबर ठगी का काम किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर के नेतृत्व में कतरीसराय, गिरियक और पावापुरी थाना की पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ताराबिगहा गांव में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों द्वारा आम लोगों को लोन दिलाने, लॉटरी निकलने सहित अन्य तरह के प्रलोभन देकर साइबर ठगी की जाती थी। पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और अन्य सामानों की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार (22), कुंदन कुमार (29), पंकज कुमार (20), आदित्य कुमार उर्फ चिंटू (29), मनोज कुमार (40), रवि कुमार (26) और दीपक कुमार (24) के रूप में की गई है। इनमें गोलू कुमार, कुंदन कुमार, पंकज कुमार, आदित्य कुमार उर्फ चिंटू और दीपक कुमार ताराबिगहा, थाना कतरीसराय के रहने वाले हैं। मनोज कुमार शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव का निवासी है, जबकि रवि कुमार नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के जमसारी गांव का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
छापेमारी टीम में पु.नि. सह अंचल निरीक्षक गिरियक सुमंत कुमार, पु.अ.नि. सह थानाध्यक्ष कतरीसराय धर्मेंद्र कुमार, पु.अ.नि. सह थानाध्यक्ष पावापुरी गौरव कुमार, पु.अ.नि. आदित्य कुमार, पु.अ.नि. राहुल कुमार सहित कतरीसराय थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।
Rahui, Nalanda | Sep 16, 2026