नगर परिषद चूरू के सभापति विनय गोयनका व उपसभापति ओमप्रकाश इन्दोरिया ने संभाला कार्यभार
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ व विधायक सहारण की उपस्थिति में किया पदभार ग्रहण
चूरू। नगर परिषद चूरू के नवनिर्वाचित सभापति विनय कुमार गोयनका एवं उपसभापति ओमप्रकाश इन्दोरिया ने बुधवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ एवं विधायक हरलाल सहारण की मौजूदगी में दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आयुक्त अभिलाषा सिंह ने पदभार ग्रहण करवाया। इससे पहले विद्वान पंडितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई।
इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि नगर परिषद के नए नेतृत्व के सामने शहर के विकास को नई गति देने की जिम्मेदारी है। सभी पार्षदों एवं शहरवासियों को साथ लेकर जनहित में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने सभापति एवं उपसभापति को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि नगर परिषद के नए बोर्ड से शहरवासियों को विकास की उम्मीदें हैं। सड़क, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
सभापति विनय कुमार गोयनका ने कहा कि वे शहर के विकास और नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। शहरवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित चूरू के लिए सभी के सहयोग से काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में आयुक्त अभिलाषा सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, पदम सिंह राठौड़, विमला गढ़वाल, मोहनलाल गढ़वाल, वासुदेव चावला, अख्तर खान, चंद्रप्रकाश शर्मा, मदन गोपाल बालाण, सुनील ढाका, राकेश दाधीच, बाबू इस्माईल, भागीरथ सैनी, मनोज गढ़वाल, अश्विनी बुडानिया सहित भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद एवं सर्व समाज के लोग मौजूद रहे।
#tharkiawaazajay #Churu #BJP4IND #RajendraRathore #nagarparishad
Churu, Churu | Sep 23, 2026