अररिया में बाढ़ पूर्व तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ तैयार रहने का निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपदा की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता अररिया, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया, सिविल सर्जन अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज, सभी कार्यपालक अभियंता, सभी अंचलाधिकारी सहित संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि जिले में बाढ़ पूर्व तैयारी के तहत 218 ऑटोमेटिक रेन गेज, 09 ऑर्डिनरी रेन गेज तथा 09 ऑटोमेटिक वेदर सिस्टम स्थापित हैं, जिनके माध्यम से वर्षा एवं मौसम की सतत निगरानी की जा रही है। सभी वर्षामापी उपकरण कार्यशील अवस्था में हैं तथा नियमित रूप से आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण किया जा रहा है।जिले के सभी तटबंधों का निरीक्षण कर बांधों के शीर्ष (टॉप) पर बने गड्ढों एवं रेनकट की मरम्मत करा ली गई है। जिले में वर्तमान में 98 परिचालन योग्य सरकारी नावें उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किया जाएगा। आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी देते हुए यह भी बताया गया कि जिले में 44,475 पॉलीथीन शीट, 05 महाजाल, 135 लाइफ जैकेट, 08 मोटरबोट, 143 प्रशिक्षित गोताखोर, 240 आपदा मित्र उपलब्ध हैं। इसके अलावा 363 बाढ़ राहत शिविर (14 बड़े आश्रय स्थलों सहित) तथा 397 सामुदायिक रसोई केंद्र चिह्नित कर आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के तहत सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं जैसे एंटीवेनम, एंटीरेबीज, ओआरएस, ब्लीचिंग पाउडर आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सभी अंचलों में मोबाइल मेडिकल टीम तथा आवश्यक पशु चिकित्सा दवाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बैठक में बताया गया कि जिले में 50 जेरिकेन, 03 जल शुद्धीकरण संयंत्र, जल परीक्षण हेतु 12000 H2S वायल, 105 अस्थायी चापाकल, 225 अस्थायी शौचालय, 110 अस्थायी स्नानागार, 110 अस्थायी यूरिनल तथा 09 चापाकल मरम्मति दल की व्यवस्था कर ली गई है। पथ निर्माण प्रमंडल द्वारा सभी पुल-पुलियों की साफ-सफाई कर ली गई है तथा ग्रामीण कार्य प्रमंडल, अररिया एवं फारबिसगंज के अंतर्गत आने वाली पुल-पुलियों की मरम्मत भी पूर्ण कर ली गई है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24×7 तीन पालियों में संचालित किया जा रहा है। आपात स्थिति में सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9471682459 जारी किया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार नावों की प्रतिनियुक्ति एवं नाविकों के साथ एकरारनामा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें। नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखें तथा कटाव की सूचना मिलते ही तत्काल कटाव निरोधी कार्य प्रारंभ कराया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मेडिकल टीम एवं स्थानीय गोताखोरों की सूची सभी ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों में उपलब्ध कराई जाए, ताकि बाढ़ अथवा डूबने की घटनाओं की स्थिति में त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके। साथ ही पंचायत भवन/पंचायत सरकार भवन एवं स्कूलों में मेडिकल टीम तथा गोताखोरों के नंबरों की विवरणी अंकित करने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले के सभी पुल-पुलियों एवं डायवर्सन पर जलजमाव होने की स्थिति में पानी निकासी की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नगर क्षेत्रों में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने हेतु भी निर्देशित किया गया।
Araria, Araria | Jul 16, 2026