हरिद्वार: श्रावण मास के प्रारंभ होते ही धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह से शिवभक्ति के रंग में सराबोर हो चुकी है। देश के कोने-कोने से कांवड़ियों और शिवभक्तों का आगमन लगातार जारी है। चारों ओर 'बम-बम भोले' और 'जय-जय भोले' के गगनभेदी जयकारे गूंज रहे हैं।क्षेत्र में चल रहे खराब मौसम और भारी बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह और हौसले में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। आस्था की पावन डुबकी लगाने के बाद, कांवड़िए पवित्र गंगाजल भरकर अपनी मंजिलों की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। 'हर-हर गंगे, जय मां गंगे' के उद्घोष के साथ कांवड़िए पूरी दृढ़ता और भक्ति भाव से अपनी कठिन पैदल यात्रा को पूरा करने में जुटे हुए हैं।