बरेली से केशव मौर्य ने फूंका 2027 चुनाव का बिगुल, भाजपा को दिया 25 सीटों का टारगेट!
डिप्टी सीएम की हुंकार—बरेली की नौ और मंडल की सभी 25 विधानसभा सीटों पर चाहिए कमल, एमबी इंटर कॉलेज में मेधावियों का सम्मान कर सपा पर बोला हमला
बरेली। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के बीच बरेली पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा के चुनावी अभियान को नई धार देने का संदेश दिया। एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के मंच से उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने बड़ा लक्ष्य रखते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बरेली की सभी नौ और बरेली मंडल की सभी 25 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कमल खिलना चाहिए। उनके इस बयान ने जिले की सियासत में चुनावी चर्चाओं को तेज कर दिया।
रविवार को एमएलसी बहोरन लाल मौर्य की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया और भाजपा सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सपा के शासनकाल पर तीखा हमला, कानून-व्यवस्था को बनाया मुद्दा
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा शासनकाल में प्रदेश में अपराधियों और माफिया का मनोबल बढ़ा हुआ था। अपराधियों के सामने पुलिस भी असहाय नजर आती थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून का राज स्थापित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण को बताया सरकार की प्राथमिकता
केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से भाजपा सरकार का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्के मकान, किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक मदद, मुफ्त राशन योजना से जरूरतमंदों को राहत और आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है।
उन्होंने लखपति दीदी पहल का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर राष्ट्रीय सुरक्षा पर रखी बात
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की क्षमता दिखाई है। देश की सामरिक शक्ति और अंतरराष्ट्रीय स्थिति मजबूत हुई है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में तनाव के कारण तेल और गैस की कीमतों पर दबाव बना हुआ है, इसके बावजूद केंद्र सरकार आम जनता को राहत देने का प्रयास कर रही है।
भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, 2047 के विकसित भारत का संकल्प
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का उल्लेख करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों और आदिवासी समाज के सम्मान एवं उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की बात कही।
मंच पर इन जनप्रतिनिधियों का हुआ अभिनंदन
समारोह में पूर्व मंत्री एवं सांसद छत्रपाल गंगवार, नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और महापौर डॉ. उमेश गौतम का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी दिनेश शर्मा, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बरेली से अवधेश शर्मा की रिपोर्ट।
बरेली न्यूज़ लाइव
#BareillyNews #KeshavPrasadMaurya #BJP #BareillyPolitics #UttarPradeshNews #UPElection2027 #ShrutiGangwar #ChhatrapalGangwar #BahoranLalMaurya #BareillyNewsLive
Bareilly, Bareilly | Nov 16, 2026