जापान में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा के परिजनों को SBI और राइजिंग स्टार स्कूल ने किया सम्मानित
रेटा गांव पहुंचकर मां और भाई को किया सम्मानित, जापान से सीमा से मोबाइल पर हुई लाइव बातचीत; 28 सितंबर की 5000 मीटर दौड़ के लिए दी शुभकामनाएं
सुरेंद्र ठाकुर
चम्बा, 26 सितम्बर।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स में 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर चम्बा और हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली धाविका सीमा कुमारी की ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके गांव रेटा और परिवार में खुशी का माहौल है। सीमा की इस शानदार सफलता के बाद उन्हें बधाई देने के साथ-साथ उनके परिवार को सम्मानित करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
इसी कड़ी में राइजिंग स्टार स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सरोल शाखा के प्रबंधक धर्मेंद्र शर्मा सीमा के गांव रेटा स्थित घर पहुंचे और उनके परिजनों को सम्मानित किया।
राइजिंग स्टार स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी के गांव पहुंचने पर सीमा की मां ने भावुक होकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सीमा की मां और भाई को पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया तथा अन्य सामग्री भी भेंट की गई।
संजीव सूरी ने सीमा के परिवार को उसकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सीमा की कड़ी मेहनत, लगन और वर्षों के संघर्ष का परिणाम है।
2018 में पहचानी थी सीमा की प्रतिभा
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में राइजिंग स्टार स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी ने सीमा कुमारी की खेल प्रतिभा को पहचानते हुए उसे गोद लिया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से सीमा को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार सहयोग और प्रोत्साहन दिया गया।
आज सीमा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है।
सम्मान समारोह के दौरान सीमा की मां भावुक नजर आईं। उनकी आंखों से छलके आंसू सीमा के संघर्ष और परिवार के लंबे भावनात्मक सफर को बयां कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राइजिंग स्टार स्कूल ने उस समय सीमा का हाथ थामा, जब परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। इस सहयोग ने सीमा को अपने सपनों को पूरा करने की राह दिखाई।
SBI ने भी परिवार को किया सम्मानित
वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की सरोल शाखा के प्रबंधक धर्मेंद्र शर्मा भी बैंक की ओर से सीमा के परिवार को सम्मानित करने गांव पहुंचे। उन्होंने सीमा की मां और भाई को पुष्पगुच्छ, शॉल, टोपी, ब्रीफकेस और सीमा कुमारी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि पर परिवार को बधाई दी।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि सीमा की उपलब्धि केवल उसके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे चम्बा और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जापान से सीमा से हुई लाइव बातचीत, मां-बेटी का भावुक मिलन
सम्मान समारोह के दौरान राइजिंग स्टार स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी ने जापान में मौजूद सीमा कुमारी से मोबाइल फोन पर लाइव बातचीत की। उन्होंने सीमा को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी और उसकी मां से भी मोबाइल पर बातचीत करवाई।
मां-बेटी की इस बातचीत का भावुक पल वहां मौजूद लोगों के लिए भी खास रहा।
संजीव सूरी ने सीमा को आगामी 28 सितंबर को होने वाली 5000 मीटर दौड़ के लिए शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बातचीत के दौरान सीमा ने भारत लौटने पर सबसे पहले राइजिंग स्टार स्कूल पहुंचने का वादा किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को सहयोग मिलने पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का संदेश
सीमा के गांव पहुंचकर सबसे पहले उसके परिवार को सम्मानित करने की राइजिंग स्टार स्कूल और SBI की पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि सीमा की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
सीमा कुमारी की उपलब्धि यह संदेश देती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को यदि समय पर उचित सहयोग, प्रशिक्षण और अवसर मिले, तो वे भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं और देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
बाइट: धर्मेंद्र शर्मा, प्रबंधक SBI
बाइट: संजीव सूरी, चेयरमैन राइजिंग स्टार स्कूल
बाइट: केसरी देवी, सीमा की माता
बाइट: राज कुमार, सीमा के भाई
Sanjeev Suri
उड़नपरी सीमा
Chamba, Chamba | Sep 26, 2026