#भावपूर्ण_श्रद्धांजलि..
भरतपुर। बयाना स्थित गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र के दर्र बरहाना गांव में मंगलवार को सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ जवान दयाराम गुर्जर को अंतिम विदाई दी गई। भारतीय सेना की 16 राजपूत रेजिमेंट में तैनात दयाराम गुर्जर का दिल्ली से पंजाब जा रही ट्रेन में पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया था। मंगलवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर सेना के वाहन से पैतृक गांव पहुंचा, तो पूरा इलाका "भारत माता की जय" और "वीर जवान अमर रहें" के नारों से गूंज उठा। वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुए दयाराम गुर्जर ने अपने सेवाकाल की शुरुआत बेहद कठिन ग्लेशियर क्षेत्र से की थी। वर्तमान में दिल्ली में तैनात दयाराम रविवार रात ट्रेन में सुरक्षा गश्त पर थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। साथियों के तत्परता दिखाने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके असमय चले जाने से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। दयाराम अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, दो बेटियां और तीन भाइयों को छोड़ गए हैं। गांव के श्मशान घाट पर भारतीय सेना के जवानों ने परंपरा के अनुसार उन्हें अंतिम सलामी दी और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और हजारों ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सैनिक संघ बयाना के अध्यक्ष बलराम कावर ने दयाराम के निधन को पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा और साहस को नमन किया।