गोपाराम बेरड़ भारतीय किसान संघ के ओसियां तहसील संयोजक नियुक्त
ग्राम समितियों के गठन और सदस्यता अभियान के बाद होंगे त्रैवार्षिक निर्वाचन
ओसियां। भारतीय किसान संघ की जोधपुर जिला प्रतिनिधि सभा की बैठक में बेरड़ों का बास निवासी पूर्व सैनिक गोपाराम बेरड़ को ओसियां तहसील का तहसील संयोजक नियुक्त किया गया। प्रांत अध्यक्ष मानकराम परिहार ने जिला संगठन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बेरड़ को तिलक लगाकर व दुपट्टा पहनाकर संगठन की जिम्मेदारी सौंपी।
नियुक्ति के बाद गोपाराम बेरड़ ने तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में भारतीय किसान संघ की ग्राम समितियों का गठन करने, सदस्यता अभियान चलाने तथा किसानों को संगठन से जोड़कर संगठित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने किसानों के आर्थिक उत्थान और गांवों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
संगठन की ओर से तहसील क्षेत्र में ग्राम समितियों के गठन और सदस्यता अभियान पूर्ण होने के बाद त्रैवार्षिक निर्वाचन करवाए जाएंगे।
बैठक में प्रदेश महामंत्री तुलछाराम सिंवर, पूर्व सदस्य सीएसीपी रतनलाल डागा, जिला प्रभारी विमला सियाग, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश विश्नोई, जिला मंत्री मेघाराम तरड़, प्रांत कार्यालय प्रमुख गोरधनराम सियाग सहित जिले व तहसीलों के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Osian, Jodhpur | Nov 14, 2026