गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में इस बार दो पदों पर चुनाव लड़ेगी आइसा
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर आइसा छात्र संगठन ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन ने इस बार दो पदों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है।
आइसा की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR) पद पर युवराज सिंह तथा छात्रसंघ उपाध्यक्ष पद पर प्रीति वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया।
संगठन ने कहा कि चुनाव में विद्यार्थियों से जुड़े मूलभूत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें छात्राओं की सुरक्षा, 24 घंटे लाइब्रेरी की सुविधा, पर्याप्त किताबों की उपलब्धता, ई-बुक एवं डिजिटल अध्ययन सामग्री की व्यवस्था और रीडिंग रूम की क्षमता बढ़ाना प्रमुख हैं।
इसके अलावा दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय अस्पताल में स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के दौरान आवश्यक कन्सेशन उपलब्ध कराने की मांग भी आइसा द्वारा उठाई जाएगी।
आइसा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव उसके लिए केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज को मजबूती से उठाने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का मंच है। संगठन ने कहा कि वह विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।