ग्वालियर में गैंगवार जैसी वारदात, सिरोल चौराहे पर चलीं 15 से ज्यादा गोलियां...
ग्वालियर के सिरोल चौराहा क्षेत्र में गुरुवार रात दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश और कथित लेनदेन विवाद को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 15 से अधिक राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि आसपास के दुकानदारों ने तत्काल अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, वहीं कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि गौरव दीक्षित और राजा यादव गुट के बीच चल रहे पुराने विवाद ने इस घटना को जन्म दिया। मुख्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। वीआईपी मूवमेंट के बीच हुई इस वारदात ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मामले में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।