आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने चित्तौड़ शहर में निकाला फ्लैग मार्च।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। आगामी त्योहार बारावफात एवं रक्षाबंधन को मध्य नजर रखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस द्वारा चित्तौड़गढ़ शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में पुलिस लाइन का जाप्ता, पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ का जाप्ता, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं एमबीसी का जाप्ता शामिल रहा।
फ्लैग मार्च गोल प्याऊ से प्रारंभ होकर पावटा चौक, सदर बाजार, सुभाष चौक होते हुए पुनः गोल प्याऊ तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंन्द्र सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट एवं संदेशों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह या भ्रामक संदेश को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड नहीं करें तथा ऐसी किसी भी सामग्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंन्द्र सिंह ने जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया है। उन्होंने आमजन से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
Chittaurgarh, Chittorgarh | Aug 25, 2026